गाजीपुर। जनपद के दुबैठा गांव निवासी यूपी कॉलेज वाराणसी के छात्र सूर्य प्रताप सिंह की हत्या के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। इस दुखद घटना के बाद एमएलसी विशाल सिंह चंचल मृतक के घर पहुंचे और परिजनों से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
इस दौरान जिलाधिकारी अविनाश कुमार और पुलिस अधीक्षक ईराज राजा भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने परिजनों को आश्वासन दिया कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।सूर्य प्रताप सिंह, जो बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र था, वाराणसी के प्रतिष्ठित यूपी कॉलेज में पढ़ाई कर रहा था।
वह गाजीपुर के एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखता था और अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता ऋषि देव सिंह वाराणसी में एक कॉलेज में वाहन चालक हैं, जबकि माता किरण सिंह पूर्व में वार्डन रह चुकी हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य थी और वे एक छोटे से कमरे में रहकर जीवन यापन कर रहे थे।
घटना शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे की है, जब कॉलेज परिसर में पुराने विवाद के चलते सहपाठी मंजीत चौहान ने सूर्य प्रताप सिंह को गोली मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रिंसिपल द्वारा समझौता कराने के बाद जैसे ही दोनों छात्र बाहर निकले, आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर सूर्या को घेर लिया और उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
चार गोलियां लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना के बाद कॉलेज परिसर में भारी आक्रोश फैल गया। छात्रों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया, तोड़फोड़ की और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने मुख्य आरोपी मंजीत चौहान को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके साथी की तलाश जारी है। इस घटना ने कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, पूरे क्षेत्र में मातम पसरा है और एक परिवार का इकलौता सहारा हमेशा के लिए छिन गया।
संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।








