वाराणसी। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 को दृष्टिगत रखते हुए नगर निगम पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में आज अपर नगर आयुक्त सविता यादव की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक में स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 की निर्धारित टूल किट एवं मानक बिंदुओं के आधार पर अब तक किए गए कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। अपर नगर आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी कार्यों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी ढंग से शीघ्र पूर्ण किया जाए।उन्होंने विशेष रूप से जलकल विभाग, सामान्य अभियंत्रण विभाग, स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए स्वच्छता, साफ-सफाई, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, शौचालयों की स्वच्छता, नालों की सफाई, पेयजल आपूर्ति तथा जनजागरूकता गतिविधियों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

अपर नगर आयुक्त ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण केवल एक प्रतियोगिता नहीं बल्कि शहर की स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने का सशक्त माध्यम है। इसमें सभी विभागों के साथ-साथ आम नागरिकों की सहभागिता भी अत्यंत आवश्यक है।

नगर निगम द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में उत्कृष्ट रैंक प्राप्त करने हेतु सतत निगरानी, नियमित समीक्षा एवं फील्ड स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है।बैठक में स्वच्छ भारत मिशन की टीम, जलकल विभाग, स्वास्थ्य विभाग, अभियंत्रण विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।








