Search
Close this search box.

फुलवरिया में ट्रक से 2200 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त, नगर निगम की कार्रवाई

वाराणसी। शहर को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाने के अभियान के तहत सोमवार को Varanasi Municipal Corporation की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 2200 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त किया। यह कार्रवाई लहरतारा स्थित फुलवरिया गेट नंबर पांच के पास की गई।

अपर नगर आयुक्त संगम लाल के नेतृत्व में पहुंची नगर निगम की टीम ने एक ट्रक से भारी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक बरामद कर उसे कब्जे में ले लिया और इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने ट्रक का चालान कर दिया।

जानकारी के अनुसार, ट्रक दोपहर में प्रतिबंधित प्लास्टिक की खेप लेकर फुलवरिया स्थित एक ट्रांसपोर्ट कंपनी पर पहुंचा था। वहां सामान उतारने और किराये के भुगतान को लेकर ट्रक चालक और ट्रांसपोर्टर के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया, जिसकी सूचना नगर निगम प्रशासन को मिल गई।

सूचना मिलते ही नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और ट्रक की तलाशी ली। जांच के दौरान ट्रक में भारी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक लदा मिला। इसके बाद अधिकारियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि प्रतिबंधित प्लास्टिक की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे शहर में कहां खपाया जाना था।

Leave a Comment

और पढ़ें