बलिया। थाना नगरा पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है तथा उनके कब्जे से एक फावड़ा बरामद किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी रसड़ा आलोक कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में की गई।
घटना 18 मार्च 2026 की है, जब वादिनी मोती रानी देवी अपने घर के सामने झाड़ू लगा रही थीं। इसी दौरान धूल उड़ने को लेकर ललिता देवी और वादिनी के बीच विवाद हो गया।
विवाद बढ़ने पर ललिता देवी के पुत्र राजू चौहान ने आवेश में आकर फावड़े से वादिनी पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
इस संबंध में थाना नगरा पर मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना प्रारंभ की गई। उपचार के दौरान 22 मार्च 2026 को वादिनी की मृत्यु हो गई।पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर चन्द्रवार दुगौली चट्टी क्षेत्र से दोनों अभियुक्तों—राजू चौहान और ललिता देवी—को गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान राजू चौहान की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त फावड़ा झाड़ियों से बरामद किया गया, जिसे विधिवत सील कर कब्जे में लिया गया।दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्यवाही पूर्ण कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक वीरेंद्र कुमार विश्वास सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








