Search
Close this search box.

Narendra Modi ने 14 वर्षीया किशोरियों हेतु एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू किया, सर्वाइकल कैंसर से बचाव और नारी सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाया

वाराणसी । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शनिवार को अजमेर, राजस्थान से 14 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु नई एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन का शुभारम्भ किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक एवं राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में सहभागिता की गई।

प्रदेश स्तर पर एचपीवी वैक्सीन का शुभारम्भ किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी, लखनऊ के कन्वेन्शन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में किया गया। उक्त कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद वाराणसी में सर्किट हाउस सभागार सहित समस्त सीएचसी, पीएचसी एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर देखा गया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान देश की नारी शक्ति को सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम कदम है। उन्होंने कहा कि जब परिवार में मां बीमार होती है तो पूरा परिवार प्रभावित होता है, वहीं जब मां स्वस्थ होती है तो परिवार हर संकट का सफलतापूर्वक सामना कर सकता है।

जनपद स्तर पर कार्यक्रम का सजीव प्रसारण मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश प्रसाद, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ एस एस कन्नौजिया, डॉ नवीन सिंह, सीडीपीओ सहित अन्य चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों एवं आशा कार्यकर्ताओं द्वारा सर्किट हाउस सभागार में देखा गया।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राजेश प्रसाद ने बताया कि एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) संक्रमण सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है। एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर से प्रभावी सुरक्षा प्रदान करती है। किशोरियों में भविष्य में कैंसर के जोखिम को काफी हद तक कम करती है। यह सुरक्षित एवं वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित वैक्सीन है तथा प्रारंभिक आयु में टीकाकरण से अधिक प्रभावी प्रतिरक्षा विकसित होती है।

सीएमओ द्वारा अभिभावकों से अपील की गई है कि वे 14 वर्ष आयु वर्ग की अपनी पुत्रियों का अभियान के दौरान एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं, जिससे भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Comment

और पढ़ें