मीरजापुर। शासन की मंशानुसार जनपद की सभी तहसीलों में शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। अधिकारियों ने तहसीलों में पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

मड़िहान तहसील में 51 प्रार्थना पत्र प्राप्त, 5 का मौके पर निस्तारण
तहसील मड़िहान में कार्यक्रम की अध्यक्षता राजेश प्रकाश, मंडलायुक्त विन्ध्याचल मंडल ने की। इस अवसर पर आर.पी. सिंह, पुलिस महानिरीक्षक तथा अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) विजेता भी उपस्थित रहीं।

मंडलायुक्त के समक्ष कुल 51 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत हुए, जिनमें से 5 का मौके पर निस्तारण किया गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि फरियादियों को बार-बार तहसील या जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।
चुनार तहसील में 79 प्रार्थना पत्र, 1 का मौके पर निस्तारण
तहसील चुनार में पवन कुमार गंगवार, जिलाधिकारी तथा अपर्णा रजत कौशिक, पुलिस अधीक्षक ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार भी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी के समक्ष कुल 79 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से एक का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को यह निर्देश देते हुए प्रेषित किया गया कि वे मौके पर जाकर पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि निस्तारण की गुणवत्ता में कमी पाई जा रही है, जिसे सुधारना आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिया कि अधिकारी शिकायतकर्ता से स्वयं संपर्क करें या आवश्यक होने पर स्थलीय निरीक्षण कर समस्या का समाधान करें। पैमाइश से जुड़े मामलों में पुलिस टीम को साथ लेकर निस्तारण करने के भी निर्देश दिए गए।
उन्होंने यह भी कहा कि पुनः प्राप्त शिकायतों में पुरानी आख्या अपलोड किए जाने पर शासन स्तर पर नाराजगी व्यक्त की गई है। अतः प्रत्येक शिकायत का गंभीरतापूर्वक निरीक्षण कर नई आख्या प्रस्तुत की जाए, अन्यथा संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त प्रार्थना पत्रों का निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अन्य तहसीलों का विवरण
- तहसील लालगंज में अजय कुमार सिंह (अपर जिलाधिकारी वि./रा.) के समक्ष 93 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 3 का निस्तारण किया गया।
- तहसील सदर में देवेन्द्र प्रताप सिंह (अपर जिलाधिकारी भू./रा.) के समक्ष 66 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 11 का निस्तारण किया गया।
तहसील चुनार में परियोजना निदेशक डीआरडीए धरमजीत सिंह, उप जिलाधिकारी चुनार राजेश वर्मा, क्षेत्राधिकारी चुनार मंजरी राव, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सी.एल. वर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।









