वाराणसी: सेवापुरी स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय महिला महाविद्यालय में आज राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) का एक दिवसीय शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुधा तिवारी ने किया। शिविर के दौरान छात्राओं ने महाविद्यालय परिसर की साफ-सफाई की तथा इसके उपरांत योगाभ्यास किया।
शिविर के बौद्धिक सत्र को संबोधित करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. सुधा पांडेय ने कहा कि छात्र एवं छात्राएं राष्ट्र की सबसे छोटी इकाई हैं और यही छोटी इकाई बृहत्तर रूप लेकर राष्ट्र का निर्माण करती है। यदि यह इकाई स्वस्थ रहेगी, तो राष्ट्र भी उन्नति करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि युवा वर्ग सबसे अधिक भ्रमित भी होता है, ऐसे में उसे राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरित करना हम सभी का दायित्व है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गीता रानी शर्मा ने कहा कि “विपत्ति के समय सर्वप्रथम मैं और उपलब्धियों में मैं नहीं आप” — यही राष्ट्रीय सेवा योजना का मूल लक्ष्य है। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार ज्ञापन डॉ. सुधा तिवारी द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।






