दक्षिण अमेरिकी देश बोलीविया में शुक्रवार शाम एक सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह हादसा राजधानी ला पाज़ के पास स्थित एल ऑल्टो शहर की एक व्यस्त सड़क पर हुआ, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार यह विमान बोलिवियाई वायु सेना का था। हादसे में कम से कम 15 लोगों की मौत होने और 30 से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है। घायलों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
कुछ रिपोर्टों में दावा किया जा रहा है कि विमान में बड़ी मात्रा में नकदी (करोड़ों रुपये के बराबर) ले जाई जा रही थी, हालांकि अधिकारियों की ओर से इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विमान अचानक नीचे आया और सड़क पर गिरते ही उसमें आग लग गई। राहत एवं बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और घायलों को बाहर निकाला।








