Search
Close this search box.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 14 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों हेतु एचपीवी वैक्सीन अभियान का किया शुभारंभ

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान के अजमेर से 14 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु नई एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक एवं राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में सहभागिता की।

प्रदेश स्तर पर एचपीवी वैक्सीन का शुभारंभ King George’s Medical University, लखनऊ के कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में किया गया। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद वाराणसी में सर्किट हाउस सभागार सहित समस्त सीएचसी, पीएचसी एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर देखा गया।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान देश की नारी शक्ति को सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम कदम है। उन्होंने कहा कि जब परिवार में मां बीमार होती है तो पूरा परिवार प्रभावित होता है, जबकि मां के स्वस्थ रहने से परिवार हर संकट का सामना मजबूती से कर सकता है।

जनपद स्तर पर सजीव प्रसारण कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश प्रसाद, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एस. एस. कन्नौजिया, डॉ. नवीन सिंह, सीडीपीओ सहित अन्य चिकित्सक, स्वास्थ्य कर्मी एवं आशा कार्यकर्ता सर्किट हाउस सभागार में उपस्थित रहे।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश प्रसाद ने बताया कि एचपीवी संक्रमण सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है और एचपीवी वैक्सीन इससे प्रभावी सुरक्षा प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि किशोरावस्था में टीकाकरण कराने से भविष्य में कैंसर के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है। यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित एवं वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित है तथा प्रारंभिक आयु में टीकाकरण से अधिक प्रभावी प्रतिरक्षा विकसित होती है।

सीएमओ ने अभिभावकों से अपील की कि वे 14 वर्ष आयु वर्ग की अपनी पुत्रियों का अभियान के दौरान एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Comment

और पढ़ें