नोएडा के सेक्टर-49 थाना क्षेत्र में पुलिस, एंटी-ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की संयुक्त टीम ने तीन स्पा एवं मसाज सेंटरों पर छापेमारी की। कार्रवाई उस सूचना के आधार पर की गई, जिसमें आरोप था कि स्पा सेंटरों की आड़ में देह व्यापार का अवैध नेटवर्क संचालित किया जा रहा है।
संयुक्त टीम ने एक साथ की गई कार्रवाई में मौके से 24 युवक-युवतियों को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, कुछ लोग आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए। सभी को पूछताछ के लिए थाना लाया गया है तथा उनके दस्तावेजों और गतिविधियों की जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में लाइसेंस, पंजीकरण और अन्य वैधानिक दस्तावेजों की भी जांच की गई। पुलिस का कहना है कि यदि अवैध गतिविधियों की पुष्टि होती है तो संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मानव तस्करी और देह व्यापार जैसे अपराधों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा शहर में अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।










