Search
Close this search box.

सोनभद्र: समर्पण दिवस के रूप में मनाई गई पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि, विचारों को आत्मसात करने का लिया संकल्प

सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज नगर स्थित स्वामी विवेकानंद प्रेक्षागृह में बुधवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि समर्पण दिवस के रूप में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. धर्मवीर तिवारी ने पंडित जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।

डॉ. तिवारी ने कहा कि 11 फरवरी को भारतीय जनता पार्टी एवं विभिन्न संगठनों द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि समर्पण दिवस के रूप में मनाई जाती है। यह दिन राष्ट्र सेवा के लिए उनके समर्पण को स्मरण करने और उनके विचारों को आत्मसात करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि पंडित जी का ‘समग्र मानववाद’ का दर्शन आज भी प्रासंगिक है और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान गांवों के गरीबों, किसानों, मजदूरों और मध्यम वर्ग के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का माध्यम बन रहा है। स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देना पंडित दीनदयाल उपाध्याय के दृष्टिकोण की व्यावहारिकता और व्यापकता का प्रमाण है। उन्होंने प्रधानमंत्री के ‘वोकल फॉर लोकल’ मंत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि देश उनके विचारों को साकार कर रहा है।

कोविड-19 महामारी के दौरान भारत ने आत्मनिर्भरता का परिचय देते हुए विश्व को टीके उपलब्ध कराए, जो ‘समग्र मानववाद’ के दर्शन की सशक्त अभिव्यक्ति है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भी पंडित जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर सभासद विनोद सोनी, अखिलेश कश्यप, राहुल, सत्यम, संजय, रवि, राजू, रोहित, विशाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें