वाराणसी,। 10 मार्च 2026 पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल में वाणिज्य विभाग के कार्यों की समीक्षा, राजस्व वृद्धि, नियमों के पालन तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएँ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन की अध्यक्षता में मंडल कार्यालय के भारतेन्दु सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में वाणिज्य विभाग के निरीक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया।बैठक के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने यात्रियों से कुशल व्यवहार, टिकट जांच व्यवस्था, राजस्व संग्रह, अनाधिकृत यात्रा की रोकथाम तथा स्टेशनों पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की।

उन्होंने वाणिज्य निरीक्षकों को निर्देश दिया कि टिकट जांच अभियान को और सघन बनाया जाए तथा बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।इसके साथ ही उन्होंने स्टेशनों पर स्वच्छता, पेयजल, प्रतीक्षालय और अन्य यात्री सुविधाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों को बेहतर सेवा उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में अधिकारियों ने अपने-अपने कार्यक्षेत्र की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा कार्य के दौरान आने वाली व्यवहारिक समस्याओं और उनके समाधान पर भी चर्चा की। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान, मंडल वाणिज्य प्रबंधक रमेश पाण्डेय, सहायक वाणिज्य प्रबंधक पुष्कर सिंह रावत, धनंजय कुमार सिंह सहित वाणिज्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







