Search
Close this search box.

सोनभद्र: ईटा मंडी के कारण फिर हुआ सड़क हादसा, बाइक सवार गंभीर; मंडी शिफ्ट करने की मांग तेज

सोनभद्र। विण्ढमगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 39 (राष्ट्रीय रीवा-रांची राजमार्ग) पर मस्जिद के पास सोमवार 16 फरवरी को लगभग 12:30 बजे एक गंभीर सड़क हादसा हो गया। ईटा मंडी के समीप ट्रैक्टर, बाइक और टेंपो की टक्कर में बाइक सवार अशोक चंद्रवंशी गंभीर रूप से घायल हो गए। वे झारखंड के घघरी निवासी बताए जा रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लाल रंग का महिंद्रा ट्रैक्टर बिना नंबर प्लेट के तेज रफ्तार में जा रहा था। इसी दौरान बाइक और टेंपो से उसकी टक्कर हो गई, जिससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल पास के उज्ज्वल क्लीनिक में भर्ती कराया गया।

उज्ज्वल क्लीनिक के डॉ. श्रवण कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें विण्ढमगंज उप स्वास्थ्य केंद्र रेफर कर दिया। डॉक्टर ने बताया कि हाईवे पर संचालित ईटा मंडी के कारण यहां लगातार भारी वाहनों की आवाजाही रहती है। ईंट लदे ट्रकों से उड़ने वाली धूल, अत्यधिक ट्रैफिक दबाव और अव्यवस्थित परिवहन के चलते दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस स्थान पर पूर्व में भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ईटा मंडी को भीड़भाड़ वाले इस क्षेत्र से हटाकर किसी सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि भविष्य में दुर्घटनाओं पर रोक लग सके और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Leave a Comment

और पढ़ें