वाराणसी । के मण्डुवाडीह स्थित अंग्रेजी माध्यम प्राथमिक विद्यालय द्वारा “स्कूल चलो अभियान” के अंतर्गत एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
रैली के दौरान छात्रों ने हाथों में तख्तियां लेकर शिक्षा के महत्व का संदेश दिया और अभिभावकों को अपने बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सरिता राय ने बताया कि सरकार द्वारा बच्चों के समग्र विकास के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने जानकारी दी कि यूनिफॉर्म, बैग, स्वेटर, जूता-मोजा आदि के लिए डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से 1200 रुपये की धनराशि सीधे बच्चों के बैंक खातों में भेजी जा रही है।

इससे अभिभावकों पर आर्थिक बोझ कम हो रहा है और बच्चों को आवश्यक सुविधाएं मिल रही हैं।इस अवसर पर एआरपी अभिषेक त्रिपाठी भी उपस्थित रहे और उन्होंने अभिभावकों को शिक्षा के प्रति जागरूक करते हुए बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने की अपील की।
रैली का मुख्य उद्देश्य हर बच्चे तक शिक्षा पहुंचाना और समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना रहा।







