राजातालाब। क्षेत्र के आराज़ी लाइन विकासखंड में नए शैक्षणिक सत्र के पहले दिन “स्कूल चलो अभियान” की शुरुआत उत्साहपूर्वक की गई। क्षेत्र के सभी 157 विद्यालयों में प्रथम दिवस को प्रवेश उत्सव के रूप में मनाया गया। स्कूलों को फूल-मालाओं और गुब्बारों से सजाया गया तथा नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का चंदन तिलक और पुष्प मालाओं से भव्य स्वागत किया गया।

इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा, एएनएम, ग्राम प्रधानों और विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर बच्चों के नामांकन को लेकर जागरूकता बढ़ाई गई। विभिन्न विद्यालयों में रैलियां निकालकर अभिभावकों को बच्चों को नियमित स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया गया।
प्रथम दिन सभी छात्रों को निशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण भी किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी शशिकांत श्रीवास्तव ने यूपीएस भिखारीपुर और कन्या यूपीएस जनसा में बच्चों का स्वागत कर कॉपी, पेन और चॉकलेट वितरित किए। साथ ही शिक्षकों को निर्देश दिया गया कि वे घर-घर जाकर 6 से 14 वर्ष के सभी बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करें।








