उत्तर प्रदेश । चंदौली जिले में इस समय एक हाई-प्रोफाइल पारिवारिक विवाद ने कानूनी रूप ले लिया है, जिसमें पति-पत्नी दोनों प्रशासनिक अधिकारी हैं। यह मामला एसडीएम दिव्या ओझा और उनके पति एसडीएम अनुपम मिश्रा के बीच चल रहे विवाद से जुड़ा है, जो अब थाने तक पहुंच गया है।
दिव्या ओझा ने अपने पिता के माध्यम से प्रतापगढ़ के महिला थाने में पति अनुपम मिश्रा के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। शिकायत में दहेज प्रताड़ना, शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न, जान से मारने की कोशिश तथा अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।
साथ ही एफआईआर में पति पर “जन्मजात नपुंसक” होने का आरोप भी लगाया गया है।दिव्या के पिता के अनुसार, शादी के बाद से ही उनकी बेटी से भारी भरकम दहेज की मांग की जा रही थी।
उन्होंने दावा किया कि शुरुआत में 20 करोड़ रुपये की मांग की गई, जो बाद में 5 करोड़ तक पहुंच गई। उन्होंने यह भी बताया कि 10 लाख रुपये बैंक के माध्यम से ट्रांसफर किए गए, 28 लाख रुपये नकद दिए गए और करीब 40 लाख रुपये के जेवर व अन्य सामान भी दिया गया।
वहीं, दूसरी ओर अनुपम मिश्रा की मां ने चंदौली के अलीनगर थाने में तहरीर देकर बहू और उसके परिजनों पर मारपीट का आरोप लगाया है। इस तरह दोनों पक्षों द्वारा लगाए गए आरोपों ने मामले को और जटिल बना दिया है।
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच कर रही है, और यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।








