वाराणसी। वाराणसी में महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनज़र दशाश्वमेध थाना परिसर में एक महत्वपूर्ण सुरक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना, शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करना रहा।
बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी संतोष सिंह ने की। इस अवसर पर क्षेत्र के सम्मानित नागरिकों, मंदिर समिति के सदस्यों एवं सामाजिक प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। चर्चा का केंद्र बिंदु यह रहा कि संभावित भीड़ को किस प्रकार सुव्यवस्थित रखा जाए और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से प्रभावी ढंग से निपटा जाए।
थाना प्रभारी ने अपील की कि सभी लोग श्रद्धालुओं के सहयोग हेतु आगे आएं और विशेष रूप से जेबकतरों व असामाजिक तत्वों पर सतर्क दृष्टि रखें। उन्होंने बताया कि पुलिस प्रशासन द्वारा प्रमुख स्थानों पर विशेष प्वाइंट स्थापित किए जाएंगे, जहां से संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।
साथ ही मंदिर परिसर एवं आसपास के प्रमुख मार्गों और दुकानों पर जागरूकता संबंधी संकेतक लगाए जाएंगे, ताकि श्रद्धालु अपने सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें।
इस अवसर पर विशालाक्षी मंदिर के महंत राजनाथ तिवारी ने जानकारी दी कि 15 फरवरी को महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया जाएगा। मंदिर समिति पुलिस एवं प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करेगी तथा मुख्य द्वार से गर्भगृह तक स्वयंसेवकों की टीम तैनात रहेगी।
महंत ने श्रद्धालुओं से संयम एवं अनुशासन बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
बैठक के अंत में थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि महाशिवरात्रि के दौरान पुलिस-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहेगा, ताकि श्रद्धालु निर्भय होकर बाबा के दर्शन कर सकें और काशी में पर्व शांतिपूर्ण एवं भव्य रूप से संपन्न हो।









