बलिया । जनपद के थाना सुखपुरा पुलिस ने माननीय न्यायालय के आदेश के अनुपालन में बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 18 मुकदमों से संबंधित लगभग 330 लीटर अवैध शराब का विनिष्टीकरण कराया। यह कार्रवाई विशेष पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश के निर्देशों तथा मादक पदार्थों के निस्तारण को लेकर सर्वोच्च न्यायालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के क्रम में की गई।

पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) कृपा शंकर के पर्यवेक्षण में यह पूरी प्रक्रिया संपन्न हुई। जिला स्तर पर गठित ड्रग डिस्पोजल कमेटी की मौजूदगी में अवैध शराब को नष्ट किया गया।
इस दौरान तहसीलदार सदर अतुल हर्ष, क्षेत्राधिकारी सदर राकेश कुमार सिंह, सहायक अभियोजन अधिकारी वीर पाल सिंह तथा थानाध्यक्ष सुखपुरा रत्नेश कुमार दूबे उपस्थित रहे। पूरी कार्रवाई की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी भी कराई गई, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।
प्रशासन का कहना है कि थानों में लंबे समय से जमा अवैध शराब के निस्तारण की यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी। इस अभियान का उद्देश्य अवैध मादक पदार्थों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना है।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।








