चन्दौली। डीडीयू नगर स्थित विद्यालय के विशाल प्रांगण में “शिवार्चनम्” कार्यक्रम के अंतर्गत भगवान शिव का पवित्र रुद्राभिषेक पूजन अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्या प्रियंका मुखर्जी, कोऑर्डिनेटर मृदुला राय, सविता दास सहित समस्त शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने सामूहिक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण एवं रुद्राभिषेक के साथ हुआ। “ॐ नमः शिवाय” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। विद्यार्थियों एवं संगीत विभाग द्वारा प्रस्तुत भक्ति गीतों और संगीतमय कार्यक्रमों ने परिसर को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया।
प्राचार्या ने अपने आशीर्वचन में कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों एवं आध्यात्मिक चेतना के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी को सकारात्मक ऊर्जा के साथ जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया।
संपूर्ण कार्यक्रम भक्ति, अनुशासन एवं सांस्कृतिक समरसता का प्रेरक उदाहरण रहा।
रिपोर्ट: संजय शर्मा, ब्यूरो चन्दौली








