सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई/जनता दर्शन कार्यक्रम में आम नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। इस दौरान जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए लोगों ने भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, गुमशुदगी, साइबर धोखाधड़ी, राजस्व प्रकरणों सहित कई पुलिस संबंधी मामलों की शिकायतें प्रस्तुत कीं।पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक प्रकरण का स्वयं संज्ञान लेते हुए संबंधित क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण के स्पष्ट निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी शिकायतों की तथ्यपरक और गुणवत्तापूर्ण जांच की जाए तथा पीड़ितों को की गई कार्रवाई से समय पर अवगत कराया जाए।उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनावश्यक विलंब या उत्पीड़न पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिन मामलों में तत्काल हस्तक्षेप की आवश्यकता है, उनमें तुरंत विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।








