वाराणसी । में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारम्भ बुधवार को भेलूपुर स्थित स्वामी विवेकानंद मेमोरियल राजकीय चिकित्सालय से किया गया। इस अभियान का उद्देश्य डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया और डायरिया जैसे जलजनित एवं अन्य संचारी रोगों की रोकथाम करना है।कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव के प्रतिनिधि एवं नगर महामंत्री अशोक पटेल ने एंटीलार्वा छिड़काव कर्मियों और फोगिंग मशीनों को हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत की।

इस दौरान उन्होंने आमजन से अपील की कि अपने घरों और आसपास पानी जमा न होने दें तथा स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें, जिससे बीमारियों के प्रसार को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए जनजागरूकता और सामूहिक प्रयास बेहद जरूरी हैं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश प्रसाद ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित विभागों के समन्वय से इस अभियान को युद्धस्तर पर चलाया जाएगा। पिछले वर्षों के आंकड़ों के आधार पर नगर के 11 वार्डों और ग्रामीण क्षेत्रों के 69 गांवों को अतिसंवेदनशील चिह्नित किया गया है, जहां विशेष निगरानी रखी जाएगी।
उन्होंने बताया कि यह विशेष अभियान 1 से 30 अप्रैल 2026 तक संचालित होगा, जबकि 10 से 30 अप्रैल तक ‘दस्तक अभियान’ भी चलाया जाएगा। इस दौरान आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगी और रोकथाम के उपाय बताएंगी।
कार्यक्रम का संचालन जिला मलेरिया अधिकारी शरद चंद पांडेय ने किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। यह अभियान जनस्वास्थ्य को सुरक्षित रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।








