Search
Close this search box.

आंगनबाड़ी सहायिका चयन प्रक्रिया पारदर्शी बनाने हेतु विशेष बैठक, अभ्यर्थिनियों की आपत्तियों का मौके पर निस्तारण

बलिया । जिले में आंगनबाड़ी सहायिका के रिक्त पदों पर चयन प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को गंगा ऑडिटोरियम हॉल में विशेष बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में विकास खंड नवानगर, रसड़ा और हनुमानगंज की सभी आवेदिकाओं को आमंत्रित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में अभ्यर्थिनियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी, सहायक जिला पंचायत राज अधिकारी (तकनीकी) तथा संबंधित बाल विकास परियोजना अधिकारियों की उपस्थिति रही। बैठक की शुरुआत में जिला कार्यक्रम अधिकारी ने शासनादेश दिनांक 17 सितंबर 2025 के तहत निर्धारित चयन मानकों की विस्तार से जानकारी दी। इसके बाद आवेदनों का लाइव प्रस्तुतीकरण किया गया, जिससे पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से समझाया जा सके।

प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र के लिए पात्र अभ्यर्थिनियों की सूची भी सार्वजनिक की गई। इस दौरान अभ्यर्थिनियों द्वारा उठाई गई आपत्तियों और शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। जानकारी के अनुसार, नवानगर में 68, रसड़ा में 131 और हनुमानगंज में 44 अभ्यर्थिनियां पात्र पाई गई हैं।

हालांकि रसड़ा के एक केंद्र पर चयन प्रक्रिया फिलहाल रोक दी गई है, जहां दस्तावेजों के सत्यापन और शिकायतों की जांच के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

Leave a Comment

और पढ़ें