वाराणसी। वाराणसी नगर निगम ने राजस्व वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए विशेश्वरगंज (बाड़ा नंबर एक व दो) क्षेत्र में एक दुकान को सील कर दिया। संजय कुमार और सुशील कुमार के नाम आवंटित इस दुकान पर 81,687 रुपये का किराया लंबे समय से बकाया था। नोटिस जारी किए जाने के बावजूद भुगतान न करने पर निगम ने तालाबंदी की कार्रवाई की।
सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव ने बताया कि शहर में निगम की करीब 1800 दुकानें हैं। सभी दुकानदारों को समय से किराया जमा करने के लिए पूर्व में कई बार नोटिस दिए गए, लेकिन कुछ दुकानदार हीलाहवाली कर रहे थे। इसी क्रम में हाल के दिनों में मलदहिया, विशेश्वरगंज, दलहट्टा और नया चौक क्षेत्रों में कुल 10 दुकानों पर सीलिंग की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के बाद संबंधित दुकानदारों ने 35,38,034 रुपये बकाया किराया जमा कर दिया, जिसके बाद दुकानों की सील खोल दी गई।
सोमवार को नायब तहसीलदार शेषनाथ यादव के नेतृत्व में विशेश्वरगंज में यह कार्रवाई की गई। अपर नगर आयुक्त ने बताया कि सख्ती का सकारात्मक प्रभाव राजस्व पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
आंकड़ों के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2023-24 में जहां दुकानों के किराये से महज 80 लाख रुपये की वसूली हुई थी, वहीं 2024-25 में यह बढ़कर 2.72 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। वर्तमान वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक 4.37 करोड़ रुपये वसूले जा चुके हैं। इस प्रकार पिछले तीन वर्षों में किराया वसूली करीब साढ़े पांच गुना तक बढ़ गई है। विभाग ने चालू वित्तीय वर्ष के अंत तक छह करोड़ रुपये वसूली का लक्ष्य निर्धारित किया है।








