Search
Close this search box.

यूपी कालेज में छात्र की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्‍या, छात्र आक्रोशित, पुलिस छावनी में बदला कालेज कैंपस

वाराणसी। यूपी कालेज में शुक्रवार को एक दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया गया। कॉलेज परिसर के भीतर, सामाजिक विज्ञान संकाय के गलियारे में एक छात्र ने अपने ही साथी छात्र पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी। सिर और सीने में गोलियां लगने के बाद हड़कंप मच गया।

मौके पर पहुंचे पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल छात्रों से वार्ता करते हुए।

मारा गया सूर्य प्रताप सिंह बीए चतुर्थ सेमेस्टर का छात्र था। आक्रोशित छात्रों ने कॉलेज कैंपस और बाहर तोड़फोड़ की। छात्रों के आक्रोश को देखते हुए कॉलेज परिसर और अस्पताल में भारी फोर्स तैनात कर दी गई है।

पुलिस कमिश्नर डीआईजी शिवहरी मीणा भी खुद मौके पर पहुंचे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना सुबह करीब 11 बजे की है जब कॉलेज में कक्षाएं चल रही थीं। अचानक चार राउंड फायरिंग की आवाज से हड़कंप मच गया। आरोपी छात्र ने पूरी तैयारी के साथ सूर्य प्रताप को निशाना बनाया।

हमलावर ने पिस्टल से सीधे छात्र के सिर और सीने पर प्रहार किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी संकाय की पहली मंजिल की ओर भागा और पीछे की दीवार फांदकर फरार हो गया। भागते समय उसने पास के ही कूड़े के ढेर में पिस्टल फेंक दी, जिसे बाद में पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।

अपने साथी को लहूलुहान देख छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। घायल सूर्य प्रताप को तुरंत मलदहिया स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां से नाजुक हालत देख बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। कॉलेज परिसर में मौजूद छात्रों ने मुख्य द्वार बंद कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तोड़फोड़ शुरू कर दी।

स्थिति बेकाबू होते देख वाराणसी के पुलिस कमिश्नर भारी फोर्स के साथ स्वयं मौके पर पहुंचे और कई थानों की फोर्स तैनात कर दी गई। कॉलेज के प्रिंसिपल से पुलिस कमिश्नर ने लंबी पूछताछ की है। शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश या वर्चस्व की लड़ाई का लग रहा है।

सवाल यह उठ रहा है कि आखिर एक छात्र कॉलेज के भीतर पिस्टल लेकर कैसे दाखिल हुआ? कॉलेज प्रशासन की ढिलाई और प्रॉक्टोरियल बोर्ड की विफलता को लेकर छात्रों में भारी रोष है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

हमलावर की गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं। वाराणसी के इस ऐतिहासिक कॉलेज में हुई इस घिनौनी वारदात ने शिक्षा के मंदिर को कलंकित कर दिया।

Leave a Comment

और पढ़ें