UGC के समर्थन में विद्यापीठ के छात्रों ने किया प्रदर्शन
वाराणसी। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के हालिया फैसलों के समर्थन में आज विद्यापीठ के छात्रों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर समाज संकाय से मानकीय संकाय तक प्रदर्शन यात्रा निकालते नजर आए।
छात्रों का कहना था कि UGC द्वारा किए गए नए बदलाव और सुधार शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जरूरी हैं। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने “UGC जिंदाबाद” और “शिक्षा सुधारों का समर्थन करो” जैसे नारे लगाए। उनका मानना है कि इन नीतियों से शिक्षा में पारदर्शिता आएगी और छात्रों को आगे बढ़ने के ज्यादा अवसर मिलेंगे।
छात्र प्रतिनिधियों ने बताया कि कुछ संगठन UGC के फैसलों का विरोध कर रहे हैं, लेकिन ये फैसले छात्रों के भविष्य और हित को ध्यान में रखकर लिए गए हैं। प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा और किसी तरह की अव्यवस्था नहीं हुई।

इस दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन भी सतर्क रहा और छात्रों से बातचीत कर माहौल को शांत बनाए रखा। वहीं छात्र नेता आयुष, जिला महासचिव समाजवादी पार्टी, ने विश्वविद्यालय प्रशासन और जिला प्रशासन की आलोचना की। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन से पहले ही प्रशासन द्वारा दबाव बनाया गया और पूरे परिसर को छावनी में बदल दिया गया था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब कुछ छात्र UGC का विरोध कर रहे थे, तब कोई रोक-टोक नहीं की गई।
आयुष ने कहा कि अगर यही स्थिति बनी रही तो वे UGC से जुड़े मुद्दे को लेकर कोर्ट में याचिका दाखिल करेंगे और शिक्षा सुधारों को सही तरीके से लागू करने की मांग लगातार करते रहेंगे।









