गाजीपुर। जिले के मरदह थाना क्षेत्र के चवर गांव में एक छात्र द्वारा आत्महत्या किए जाने का दर्दनाक मामला सामने आया है। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक के पिता ने बलिया जिले के एक युवक पर उनके बेटे को ब्लैकमेल करने और अवैध रूप से पैसे वसूलने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, चवर गांव निवासी वीरेंद्र यादव के छोटे बेटे आदित्य यादव लखनऊ में पढ़ाई करते थे और कुछ दिन पहले अपने पैतृक गांव आए हुए थे। घटना के समय शाम करीब 5 बजे आदित्य घर पर अकेले थे, जबकि उनके माता-पिता और भाई सोनभद्र गए हुए थे।

काफी देर तक जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों को संदेह हुआ। खिड़की से झांककर देखने पर आदित्य का शव पंखे से लटका मिला।सूचना मिलते ही मरदह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता वीरेंद्र यादव का आरोप है कि उनका बेटा काफी समय से मानसिक प्रताड़ना का शिकार था।
उन्होंने बताया कि बलिया का एक युवक उसे ब्लैकमेल कर रहा था, जिसके दबाव में आकर आदित्य ने कई बार अपने बैंक खाते से पैसे ट्रांसफर किए थे। इसी प्रताड़ना से तंग आकर उसने यह कदम उठाया।घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, मां सुशीला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
मरदह थाना प्रभारी तरावती यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
रिपोर्टर उमेश यादव गाजीपुर।






