वाराणसी।सेफ मोबिलिटी कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को चिरईगांव ब्लॉक स्थित SGT होटल, सारनाथ में DEC (उद्यमिता विकास मंच) संगोष्ठी का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डेवलपमेंट अल्टरनेटिव्स संस्था की जिला समन्वयक आरती ग्रोवर द्वारा की गई। उन्होंने उपस्थित अतिथियों एवं महिला प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना तथा महिला उद्यमियों को ई-रिक्शा व्यवसाय से जोड़कर उनकी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करना रहा। साथ ही विभिन्न स्टेकहोल्डर्स एवं महिला उद्यमियों को एक मंच पर लाकर उनकी समस्याओं के समाधान हेतु संवाद स्थापित करना भी कार्यक्रम का प्रमुख लक्ष्य रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में यूनियन बैंक के शाखा प्रबंधक श्री राजेश झा, जिला उद्योग केंद्र से श्री राजीव एवं श्री आनंद, बजाज एजेंसी, सिटी लाइफ, सफारी महिंद्रा, नरेंद्र ई-रिक्शा, विभिन्न माइक्रो-फाइनेंस संस्थानों के प्रतिनिधि, मार्गदर्शक संस्था मानविया दृष्टिकोण सेवा समिति के श्री रामसर, डेवलपमेंट अल्टरनेटिव्स से श्री सोमेन चटर्जी तथा अनेक महिला उद्यमियों ने सहभागिता की।कार्यक्रम के मध्य जिला समन्वयक आरती ग्रोवर द्वारा स्टेकहोल्डर्स एवं महिला उद्यमियों के साथ समूह चर्चा आयोजित की गई, जिसमें ऋण प्रक्रिया, संचालन संबंधी चुनौतियों एवं उनके समाधान पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।सिटी लाइफ, सफारी एवं नरेंद्र ई-रिक्शा के प्रतिनिधियों ने अपने संबोधन में महिलाओं की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने हेतु वित्तीय सहयोग एवं सुरक्षित आजीविका के महत्व पर विशेष बल दिया तथा महिला ई-रिक्शा चालकों के लिए विशेष रूट निर्धारित किए जाने की जानकारी साझा की।यूनियन बैंक के शाखा प्रबंधक श्री राजेश झा ने महिला उद्यमियों को आश्वस्त किया कि बैंक स्तर पर आने वाली किसी भी समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा तथा आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। वहीं जिला उद्योग केंद्र से श्री राजीव एवं श्री आनंद ने विभागीय विभिन्न ऋण योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।हक-दशक संस्था द्वारा महिलाओं को निःशुल्क उद्यम पंजीकरण (Udyam Registration) में सहयोग प्रदान करने की बात कही गई।जिला समन्वयक आरती ग्रोवर ने बताया कि वर्तमान में ई-रिक्शा व्यवसाय के अंतर्गत जनपद एवं ब्लॉक स्तर पर लगभग 40–45 महिलाएँ चालक के रूप में सेवाएँ प्रदान कर रही हैं, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सकारात्मक पहल है।कार्यक्रम का संचालन आरती ग्रोवर द्वारा किया गया तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं सहयोगी उपस्थित रहे।








