बलिया। जनपद थाना सुखपुरा पुलिस ने हत्या के मामले में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर अहम सफलता प्राप्त की है। पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) कृपा शंकर के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
क्षेत्राधिकारी उस्मान (नगर सर्किल) और थानाध्यक्ष रत्नेश कुमार दूबे के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार प्रयासरत थी।घटना 24 मार्च 2026 की है, जब वादी अभिषेक यादव के पिता विजय कुमार यादव, जो ट्रक चालक हैं, बालू गिराने के बाद सुखपुरा-गड़वार मार्ग पर एक दुकान के पास खाना खाने के लिए रुके थे।
इसी दौरान रणबहादुर सिंह समेत अन्य लोगों ने बेल्चे से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल बलिया ले गए, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस घटना के संबंध में थाना सुखपुरा में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।विवेचना के दौरान 27 मार्च 2026 को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मुख्य अभियुक्त रणबहादुर सिंह (55 वर्ष), निवासी सुखपुरा को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक बेल्चा भी बरामद किया गया।पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया है।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों में भरोसा मजबूत हुआ है तथा अपराधियों में भय का माहौल बना है।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।








