नई दिल्ली। उत्तम नगर में होली के दिन 4 मार्च को 26 वर्षीय तरुण खटिक की पीट-पीटकर हत्या के मामले ने पूरे देश में चर्चा छेड़ दी है। इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर लोग अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। इसी बीच अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने भी इस मामले पर एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लंबा पोस्ट साझा किया है।
स्वरा भास्कर ने अपने पोस्ट में लिखा कि होली के दौरान मुस्लिम पड़ोसियों के साथ हुई झड़प के बाद तरुण खाटिक की मौत को लेकर काफी विवाद हो रहा है। उन्होंने कहा कि मामला काफी उलझा हुआ है और दिल्ली पुलिस के अनुसार दोनों पड़ोसियों के बीच दशकों पुराना विवाद चला आ रहा था।
पोस्ट में उन्होंने बताया कि कथित तौर पर हिंदू परिवार की एक बच्ची ने बुर्का पहनी मुस्लिम महिला पर पानी का गुब्बारा फेंक दिया था, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। इसके बाद तरुण अपने दोस्तों को जिम से बुला लाया और झगड़ा बढ़ गया।
बताया जा रहा है कि इस दौरान तरुण के सिर में गंभीर चोट लग गई, जिससे वह गिर पड़ा। उसके दोस्त मौके से भाग गए और दोनों परिवारों के लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। अगले दिन अस्पताल में ही तरुण की मौत हो गई।
स्वरा भास्कर ने अपने पोस्ट में कहा कि यह घटना बेहद भयावह है और इस मौत को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। फिलहाल मामले की जांच जारी है।









