गाजीपुर। जिला पंचायत सभागार में रविवार को प्रगतिशील ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन का भव्य शपथ ग्रहण एवं परिचय पत्र वितरण समारोह उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रादेशिक एवं जिला स्तरीय पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में पत्रकारों की उपस्थिति रही। समारोह का मुख्य उद्देश्य संगठन को सशक्त बनाना तथा पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।समारोह के दौरान वरिष्ठ पत्रकार अभिषेक कुमार सिंह को जिला अध्यक्ष तथा वसीम रज़ा को जिला महासचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।
इसके अतिरिक्त प्रदीप शर्मा को सह सचिव, अनिल कुमार एवं शिवेश कुमार पाण्डेय को उपाध्यक्ष, सुजीत कुमार सिंह को कोषाध्यक्ष तथा सुनील गुप्ता को आय-व्यय निरीक्षक पद की शपथ दिलाई गई। जिला कार्यकारिणी के अन्य सदस्यों को भी परिचय पत्र वितरित कर संगठन की मजबूती का संदेश दिया गया।मुख्य अतिथि यशवंत सिंह (एडिटर इन चीफ, भड़ास मीडिया) ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता लोकतंत्र की आधारशिला है। उन्होंने पत्रकारों से सत्य के पक्ष में खड़े रहने और समाज की आवाज़ बनने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने विकास कार्यों को सकारात्मक रूप से प्रस्तुत करने तथा जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की अपील की।नवनियुक्त जिला अध्यक्ष अभिषेक कुमार सिंह ने संगठन को मजबूत करने और पत्रकारों की सुरक्षा हेतु बीमा योजना लागू करने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया तथा सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। समारोह ने संगठन की एकजुटता और सक्रियता का संदेश दिया।
रिपोर्टर उमेश यादव गाजीपुर








