मंडल रेल प्रबंधक ने डीडीयू जंक्शन का किया निरीक्षण
चन्दौली/पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल के मंडल रेल प्रबंधक ने आज डीडीयू जंक्शन और उससे जुड़े कई महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद सुविधाओं, चल रहे काम और साफ-सफाई की स्थिति को देखा और जरूरी सुधार के निर्देश दिए।

सबसे पहले मंडल रेल प्रबंधक ने डीडीयू जंक्शन परिसर में स्टेट बैंक के पास के इलाके और नए पार्किंग स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने काम की प्रगति की समीक्षा की और समय पर व अच्छी गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने को कहा।

इसके बाद इंडियन इंस्टीट्यूट कॉलोनी स्थित रेलवे खेल मैदान का दौरा किया। वहां खिलाड़ियों के लिए बनी सुविधाओं, हॉस्टल, रेसलर हॉल और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मैदान और कॉलोनी की बाउंड्री वॉल की मरम्मत जल्द कराने तथा खेल और वर्कआउट से जुड़ी सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए, ताकि खिलाड़ी नियमित रूप से अभ्यास कर सकें।

इसके बाद पास स्थित 1102 नंबर रनिंग रूम का औचक निरीक्षण किया गया। यहां सुविधाएं और साफ-सफाई संतोषजनक पाई गईं। फिर भी रेलकर्मियों के लिए व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए।
अंत में लोको कॉलोनी में खेल मैदान के पास बने रिक्रिएशन रूम का निरीक्षण किया गया। इसकी स्थिति देखकर इसके नवीनीकरण और सुधार के लिए निर्देश दिए गए।

यह निरीक्षण रेलवे की ओर से रेलकर्मियों, उनके परिवारों, खिलाड़ियों और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने और परिसरों को अच्छी हालत में रखने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। मंडल स्तर पर ऐसी सुविधाओं को लगातार बेहतर बनाने का प्रयास जारी रहेगा।









