वाराणसी। सिगरा स्थित नगर निगम मुख्यालय का स्वरूप अब पूरी तरह बदलने जा रहा है। जर्जर भवनों को हटाकर लगभग 97 करोड़ रुपये की लागत से एक भव्य और हाईटेक सदन भवन का निर्माण किया जाएगा। काशी और गंगा की सांस्कृतिक थीम पर आधारित इस भवन की बाहरी संरचना शिवलिंग से प्रेरित होगी। परियोजना की आधारशिला प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा रखे जाने की तैयारी है। कार्यदायी संस्था सीएण्डडीएस, उप्र जल निगम इसे ईपीसी मोड पर 15 माह में पूर्ण करेगी।जी-प्लस फोर (चार मंजिला) प्रस्तावित भवन का कुल निर्मित क्षेत्रफल 21,858 वर्ग मीटर होगा, जिसे भविष्य में जी-प्लस सेवन तक विस्तारित किया जा सकेगा। भूतल पर नागरिक सुविधाओं को केंद्रित किया जाएगा, जहां पुलिस चौकी, बैंक, पोस्ट ऑफिस, पीआरओ कार्यालय, डाटा सेंटर, कैंटीन तथा जन्म-मृत्यु पंजीकरण कक्ष एक ही परिसर में उपलब्ध होंगे। साथ ही रिकार्ड रूम, कैश काउंटर और टैक्स कलेक्शन कक्ष भी प्रस्तावित हैं।

प्रथम तल पर 180 पार्षदों की क्षमता वाला अत्याधुनिक सदन हॉल बनेगा। द्वितीय तल पर पार्षदों के कक्ष और वीवीआईपी रूम, तृतीय तल पर टैक्स विभाग व मीटिंग रूम तथा चतुर्थ तल पर महापौर, नगर आयुक्त और अपर नगर आयुक्त के कार्यालय के साथ कॉन्फ्रेंस हॉल होगा। भवन में लिफ्ट, आधुनिक शौचालय और सर्वर रूम जैसी सुविधाएं रहेंगी।महापौर अशोक कुमार तिवारी के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में काशी का व्यापक विकास हो रहा है। यह नया सदन भवन आधुनिक प्रशासन और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बनेगा।








