लोहता थाना क्षेत्र के भरथरा गांव स्थित बाढ़ू वीर बाबा मंदिर में बीती रात चोरों ने सेंध लगाकर पंखे, घंटे और हजारों रुपये की नकदी पार कर दी। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, भरथरा गांव के बाढ़ू वीर बाबा मंदिर को बीती रात अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। चोर मंदिर से चार पंखे, दो बड़े घंटे और दानपेटी में रखे हजारों रुपये लेकर फरार हो गए।
सुबह जब पुजारी पूजा करने मंदिर पहुंचे तो अंदर का सामान बिखरा पड़ा मिला और दानपेटी टूटी हुई थी। यह देख उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर जुट गए।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने की मांग की है। साथ ही दानपेटी में जमा और निकासी की निगरानी तथा मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की भी मांग उठाई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और चोरों की तलाश की जा रही है।
रिपोर्ट: अशोक कुमार गुप्ता








