गाजीपुर । जनपद की मंगई नदी पर निर्माणाधीन पुल के शुभ उद्घाटन अवसर पर एक भव्य और ऐतिहासिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसने जनउत्सव का रूप ले लिया। इस अवसर पर हजारों की संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रयागराज हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति शेखर कुमार यादव रहे, जबकि अध्यक्षता मोहम्मदाबाद ब्लॉक के पूर्व प्रमुख रामकृत यादव ने की। आयोजन की जिम्मेदारी समाजसेवी रमाकांत यादव एवं कालिका यादव (मांझी) द्वारा सफलतापूर्वक निभाई गई।

कार्यक्रम में पूर्व सांसद जगदीश कुशवाहा, यादव महासभा गाजीपुर के जिलाध्यक्ष सुजीत ‘साइकिल’, कार्यकारी जिलाध्यक्ष रामज्ञान सिंह यादव, समाजवादी महिला सभा की प्रदेश सचिव पुनीता सिंह ‘खुशबू’, ब्लॉक प्रमुख सच्चे लाल यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश कुशवाहा, सपा नेता मदन यादव, जिलापंचायत सदस्य पारस यादव, कैप्टन सुब्बा यादव और सपा नेता राजकुमार पांडेय सहित अनेक प्रमुख लोग उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति शेखर कुमार यादव ने अपने संबोधन में कहा कि यह सेतु केवल ईंट-पत्थरों का ढांचा नहीं, बल्कि जनसंकल्प, सहयोग और सामूहिक प्रयास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जब समाज एकजुट होता है, तो असंभव कार्य भी संभव हो जाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जनहित के ऐसे कार्यों में शासन-प्रशासन को सहयोगात्मक भूमिका निभानी चाहिए, ताकि विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए। इस पुल को उन्होंने क्षेत्र के विकास, रोजगार सृजन और सामाजिक समरसता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

यादव महासभा गाजीपुर के जिलाध्यक्ष सुजीत यादव ‘साइकिल’ ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पुल केवल आवागमन का साधन नहीं है, बल्कि किसानों, मजदूरों और आम जनता के सपनों को जोड़ने वाला माध्यम है। उन्होंने इसे समाज की एकजुटता, परिश्रम और त्याग का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए विकास का मार्ग प्रशस्त करेगा।
कार्यक्रम में आसपास के गांवों से आए हजारों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान अनेक ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधि, पूर्व सैनिक, शिक्षक एवं सामाजिक कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में उत्साह, एकता और विकास की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली, जिससे यह कार्यक्रम क्षेत्र के इतिहास में एक यादगार अवसर बन गया।
उमेश यादव रिपोर्टिंग गाजीपुर।









