लखनऊ। लखनऊ में थाना कैसरबाग पुलिस ने टप्पेबाजी की घटना का सफल खुलासा करते हुए गिरोह के तीन शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 4 अप्रैल को उदयगंज निवासी एक महिला को बहला-फुसलाकर आरोपियों ने उसके कान की टॉप्स और मंगलसूत्र ठग लिए थे। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और करीब 15 किलोमीटर के दायरे में लगे 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
सटीक मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सआदत अली खां का मकबरा के पास घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान शंकर राठौर, सुनील राठौर और प्रदीप राय के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीली धातु का एक लॉकेट और एक जोड़ी टॉप्स बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे नशे के आदी हैं और अक्सर भोली-भाली महिलाओं को झांसा देकर वारदात को अंजाम देते थे।
मुख्य आरोपी शंकर राठौर का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ बदायूं और गोरखपुर में ठगी और नशीले पदार्थों की तस्करी के कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।









