बलिया । होलिका दहन का पर्व अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। होलिका की अग्नि को मनुष्य के ‘जीवन यज्ञ’ का प्रतीक मानते हुए बुराइयों के दमन और सद्गुणों की स्थापना का संकल्प लिया गया। इसी भावना के साथ पुलिस अधीक्षक Omvir Singh के नेतृत्व में रिजर्व पुलिस लाइन, बलिया परिसर में पारंपरिक रीति-रिवाज एवं विधि-विधान से विधिवत पूजन संपन्न हुआ।

पूजन के उपरांत मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के अनुरूप होलिका दहन किया गया। इस अवसर पर पुलिस परिवार के अधिकारी एवं कर्मचारीगण अपने परिजनों सहित उपस्थित रहे। कार्यक्रम का वातावरण श्रद्धा, उल्लास और सामाजिक समरसता से परिपूर्ण रहा।

होलिका की पावन अग्नि के समक्ष सभी ने अपने जीवन से नकारात्मकता, अन्याय और असत्य को दूर करने तथा समाज में शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया।पुलिस अधीक्षक महोदय ने उपस्थित सभी को संबोधित करते हुए कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भाव का संदेश देने वाला महापर्व है।

उन्होंने जनपदवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी से सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने की अपील की। इस आयोजन ने पुलिस परिवार में एकता और आत्मीयता को और अधिक सुदृढ़ किया।
संजय सिंह रिपोर्टर बलिया उत्तर-प्रदेश









