रेणुकूट/सोनभद्र। वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर हाथीनाला थाना क्षेत्र में 11 अप्रैल 2026 शनिवार शाम करीब 5 बजे एक ट्रक और डंपर की आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग लग गई, जिससे पूरा इलाका अफरा-तफरी में बदल गया।

इस हादसे में डंपर चालक और ट्रक के क्लीनर की जिंदा जलकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रक चालक गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे का एक दिल दहला देने वाला वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में डंपर चालक दरवाजे से बाहर लटका हुआ नजर आता है, जबकि एक व्यक्ति उसे बचाने के लिए उसका हाथ पकड़कर खींचने की कोशिश करता दिख रहा है। ड्राइवर दर्द से तड़पते हुए ‘बचाओ-बचाओ’ की गुहार लगाता रहा, लेकिन अफसोस उसे बचाया नहीं जा सका।

घायल ट्रक चालक सूरज ने बताया कि वह गोरखपुर से रायपुर जा रहा था और ट्रक में अमूल कंपनी के दूध के पैकेट लदे थे। अचानक रास्ते में ट्रक का ब्रेक फेल हो गया। उसने बड़े हादसे से बचने के लिए गाड़ी को जंगल की ओर मोड़ने की कोशिश की, लेकिन तभी सामने से आ रहे डंपर से सीधी टक्कर हो गई।
टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। ट्रक में मौजूद 21 वर्षीय क्लीनर बबलू आग की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। एक चालक को बचाने की कोशिश भी की गई, लेकिन वह वाहन में बुरी तरह फंसा हुआ था और उसे बाहर नहीं निकाला जा सका। वहीं, दूसरे चालक को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया, लेकिन वह गंभीर रूप से झुलस चुका था।
घटना की सूचना मिलते ही हाथीनाला और रेणुकूट पुलिस के साथ-साथ कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों के साथ दमकल विभाग की टीमों ने आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मेहनत की। अल्ट्राटेक सीमेंट, चोपन फायर स्टेशन और हिंडाल्को की दमकल गाड़ियों की मदद से आखिरकार आग बुझाई गई।
बताया जा रहा है कि डंपर में राख लदी थी, जबकि ट्रक में दूध के पैकेट थे। हादसे के बाद सड़क पर दूध फैल गया और दोनों ओर लंबा जाम लग गया। यातायात पुलिस ने बैरिकेडिंग कर वाहनों को डायवर्ट किया।
इस हादसे में मृतकों की पहचान डंपर चालक दीनानाथ यादव, निवासी केवल गांव, विंढमगंज थाना क्षेत्र, सोनभद्र और ट्रक क्लीनर बबलू, निवासी खलीलाबाद, संत कबीर नगर के रूप में हुई है।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने हालात का जायजा लिया। अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार के अनुसार, हाथीनाला थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे हादसे की जांच जारी है।
फिलहाल पुलिस हादसे के हर पहलू की जांच कर रही है। लेकिन यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा और वाहन की तकनीकी जांच की अहमियत पर बड़ा सवाल खड़ा करती है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
लेकिन इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों की मांग है कि हाथीनाला-शक्तिनगर मार्ग का जल्द से जल्द चौड़ीकरण किया जाए, ताकि ऐसे हादसों पर रोक लग सके और लोगों की जान बचाई जा सके।








