Search
Close this search box.

बलिया में परिवहन मेला आयोजित, एकमुश्त कर व्यवस्था की दी गई जानकारी

बलिया। सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय, बलिया परिसर में शुक्रवार को परिवहन मेले का आयोजन किया गया। मेले में बड़ी संख्या में वाहन स्वामी, विभिन्न ट्रांसपोर्ट संगठनों के सदस्य तथा परिवहन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को लेकर वाहन स्वामियों में खासा उत्साह देखा गया।

इस अवसर पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) अरुण कुमार राय ने राज्य सरकार द्वारा परिवहन कर प्रणाली में किए गए व्यापक सुधारों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने एकमुश्त कर ढांचे को लागू किए जाने के उद्देश्य और उससे होने वाले लाभों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नई व्यवस्था से कर जमा करने की प्रक्रिया पहले की अपेक्षा अधिक सरल, पारदर्शी और सुगम होगी। इससे वाहन स्वामियों को बार-बार की औपचारिकताओं से राहत मिलेगी तथा समय की बचत भी होगी।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य कर प्रणाली को आधुनिक, जवाबदेह और वाहन स्वामियों के लिए सुविधाजनक बनाना है, ताकि परिवहन क्षेत्र में सुगमता और पारदर्शिता को बढ़ावा मिले।

मेले के दौरान अधिकारियों ने वाहन स्वामियों की शंकाओं का समाधान किया और नई व्यवस्था से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई। साथ ही सड़क सुरक्षा के मुद्दे पर विशेष जोर देते हुए अरुण कुमार राय ने सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जागरूकता और नियमों का पालन अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान वाहन स्वामियों की समस्याएं भी गंभीरता से सुनी गईं। कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य मामलों में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। मेले को सफल बनाने में परिवहन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही।

Leave a Comment

और पढ़ें