Search
Close this search box.

तुर्तीपार पुल हादसा: सरिया ढांचा गिरने से दो मजदूरों की मौत, एक की हालत गंभीर बनी

बलिया। जनपद के उभांव थाना क्षेत्र स्थित निर्माणाधीन तुर्तीपार पुल पर बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। पुल के पिलर का सरिया ढांचा अचानक गिरने से वहां काम कर रहे मजदूर उसकी चपेट में आ गए। इस दुर्घटना में तीन श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर ले जाया गया।चिकित्सकों ने पप्पू (30 वर्ष) और अमित (29 वर्ष), निवासी खैरापूर्वा थाना धरहरा, जनपद लखीमपुर खीरी को मृत घोषित कर दिया।

वहीं तीसरे घायल जुगल (21 वर्ष), निवासी दुबिया थाना मधेपुरा, जनपद पीलीभीत की हालत गंभीर होने पर उसे जिला चिकित्सालय बलिया रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, निर्माण कार्य के दौरान अचानक सरिया का भारी ढांचा भरभराकर गिर पड़ा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग भी तुरंत मदद के लिए पहुंचे।

अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि पुलिस मौके पर मौजूद है और मामले की जांच की जा रही है। इस हादसे ने निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय लोगों ने जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।

Leave a Comment

और पढ़ें