बलिया। जनपद के थाना नगरा पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों में राजू चौहान (25 वर्ष) और ललिता देवी (50 वर्ष), निवासी चन्द्रवार दुगौली थाना नगरा शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक फावड़ा भी बरामद किया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी रसड़ा आलोक कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में थानाध्यक्ष संजय कुमार के नेतृत्व में की गई।घटना 18 मार्च 2026 की है, जब वादिनी मोती रानी देवी अपने घर के सामने झाड़ू लगा रही थीं।
इसी दौरान धूल उड़ने को लेकर पड़ोस में रहने वाली ललिता देवी से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान आवेश में आकर ललिता के बेटे राजू चौहान ने फावड़े से हमला कर दिया, जिससे मोती रानी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। इलाज के दौरान 22 मार्च 2026 को उनकी मृत्यु हो गई।
मामले में थाना नगरा पर मु0अ0सं0 062/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस टीम ने सुरागरसी के दौरान सूचना के आधार पर चन्द्रवार दुगौली चट्टी के पास स्थित एक भट्ठे के निकट से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में राजू चौहान की निशानदेही पर झाड़ियों से घटना में प्रयुक्त फावड़ा बरामद किया गया।गिरफ्तारी व बरामदगी के दौरान सर्वोच्च न्यायालय एवं मानवाधिकार आयोग के निर्देशों का पालन किया गया। पुलिस ने विधिक कार्रवाई पूरी कर दोनों अभियुक्तों को न्यायालय भेज दिया है।









