वाराणसी। गंगा नदी में रीवा घाट के पास शुक्रवार को दो नावों के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिससे एक नाव डूब गई। हालांकि समय रहते बचाव कार्य शुरू होने से बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्री सुरक्षित निकाल लिए गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों नावें गंगा में विपरीत दिशा से आ रही थीं। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से दोनों के बीच टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक नाव बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कुछ ही पलों में पानी भरने लगा। देखते ही देखते नाव नदी में डूब गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद नाविक तुरंत सहायता के लिए पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों और नाव चालकों ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही मिनटों में डूबी नाव में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन भी मौके पर पहुंच गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नावों के संचालन में लापरवाही या दिशा समन्वय की कमी के कारण हादसा हुआ। प्रशासन ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं और गंगा में नाव संचालन के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की बात कही है।








