वाराणसी। चन्दौली/पड़ाव। जयपुरिया स्कूल में यूकेजी के नन्हें विद्यार्थियों का दीक्षांत समारोह “एम्ब्रेस–द पैसेज अहेड” बड़े ही हर्षोल्लास के साथ विद्यालय के सभागार ‘श्री संगम’ में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पदाधिकारीगण द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुआ, जिसके बाद नन्हीं प्रतिभाओं ने “देव्यापराध क्षमापना स्तोत्रम्” का मधुर उच्चारण कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य बिनोद कुमार दास ने अतिथियों का स्वागत कर स्मृति चिन्ह भेंट किए, जबकि बोर्ड मेंबर आशीष सक्सेना ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कार्यक्रम की शुरुआत की। समारोह का मुख्य उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास विकसित करना और उन्हें प्राइमरी विंग में प्रवेश के लिए प्रेरित करना रहा।

नन्हें छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया। कक्षा 1 व 2 की छात्राओं ने गणेश वंदना नृत्य प्रस्तुत किया, वहीं नर्सरी, एलकेजी और यूकेजी के बच्चों ने “एम्ब्रेस–द पैसेज अहेड” थीम पर छैयां-छैयां, पैरेंट्स लव, सिबलिंग्स डांस एवं सॉफ्ट टॉय डांस की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।
इस अवसर पर यूकेजी के विद्यार्थियों को कन्वोकेशन ड्रेस में सर्टिफिकेट, बाय-बाय कार्ड एवं टोकन ऑफ लव देकर सम्मानित किया गया। साथ ही प्रतिभाशाली छात्रों को विशिष्ट श्रेणी पुरस्कार, सर्वोच्च उपस्थिति अवार्ड तथा कक्षा 1 से 5 के चयनित छात्रों को “अरडेंट रीडर अवार्ड” भी प्रदान किया गया।
विद्यालय के प्रबंध निदेशक मनोज बजाज एवं अध्यक्ष दीपक कुमार बजाज ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षकों और अभिभावकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम का संचालन सिमृत कौर व नन्हीं प्रतिभाओं ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन संयोजिका शाजिया बदर ने दिया। समारोह में अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
संजय शर्मा ब्यूरो चन्दौली।








