गाजीपुर । बिरनो थाना क्षेत्र के आगापुर पारा गांव में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब एक अनियंत्रित ट्रक अचानक सड़क से उतरकर एक मकान में जा घुसा। इस घटना में ट्रक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि घर के अंदर कोई मौजूद न होने से एक बड़ी जनहानि टल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, संतोष पाठक (45 वर्ष), निवासी ग्राम मनाजीत थाना चिरैयाकोट, जनपद मऊ, अपने साथियों रंजीत यादव (35 वर्ष) और संजू यादव (35 वर्ष) के साथ ट्रक लेकर सामान लादने जा रहे थे। जैसे ही उनका वाहन आगापुर पारा गांव के पास पहुंचा, अचानक ट्रक चालक का नियंत्रण वाहन पर से हट गया।
अनियंत्रित ट्रक तेजी से आगे बढ़ता हुआ कन्हैया विश्वकर्मा के घर की दीवार तोड़ते हुए अंदर जा घुसा।हादसे के समय घर के अंदर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। हालांकि ट्रक में सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें संतोष पाठक की हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही बिरनो पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद गांव में दहशत का माहौल है, वहीं ग्रामीणों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग की है।
रिपोर्टर उमेश यादव गाजीपुर।









