बलिया। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “मिशन शक्ति फेज-5.0” (द्वितीय चरण) के अंतर्गत जनपद बलिया पुलिस द्वारा महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) कृपा शंकर एवं अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला के नेतृत्व में सभी थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति टीम सक्रिय भूमिका निभा रही है।

27 मार्च 2026 को जनपद के विभिन्न स्कूल, कॉलेज, बाजार, कस्बों और सार्वजनिक स्थानों पर महिला पुलिसकर्मियों द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान छात्राओं, महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

टीमों ने चौपाल और संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के महत्व को समझाया।अभियान के तहत महिलाओं को वूमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपात सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, सीएम हेल्पलाइन 1076, एम्बुलेंस 108 और साइबर हेल्पलाइन 1930 जैसे महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी दी गई।

साथ ही साइबर अपराधों से बचाव और सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने के बारे में भी जागरूक किया गया।इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं की जानकारी पंपलेट के माध्यम से दी गई।

इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना और समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार करना है, जिससे महिला सशक्तिकरण को और मजबूती मिल सके।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।








