Search
Close this search box.

वाराणसी: अमृत भारत योजना के तहत संवरेगा मऊ जंक्शन, 52.65 करोड़ से बन रहा आधुनिक स्टेशन

वाराणसी: पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के औंड़िहार-भटनी रेलखंड पर स्थित मऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन का कायाकल्प अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत तेजी से किया जा रहा है। करीब 52.65 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर यात्री अनुकूल बनाया जा रहा है।

मऊ जंक्शन पूर्वी उत्तर प्रदेश का एक प्रमुख रेलवे स्टेशन है, जहां से नई दिल्ली, मुंबई, सूरत, अहमदाबाद, कोलकाता, पुणे, लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, जयपुर, रांची और अमृतसर जैसे बड़े शहरों के लिए सीधी ट्रेन सेवाएं उपलब्ध हैं। वर्तमान में यहां से प्रतिदिन 44 मेल/एक्सप्रेस और सवारी ट्रेनों का संचालन हो रहा है।

पुनर्विकास कार्य के तहत स्टेशन भवन का सौंदर्यीकरण, बेहतर प्रवेश-निकास द्वार, आधुनिक प्रतीक्षालय, उन्नत प्रसाधन, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और प्लेटफॉर्म के उच्चीकरण एवं विस्तार का कार्य किया जा रहा है। यात्रियों की सुविधा के लिए एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म तक जाने हेतु फुट ओवर ब्रिज (एफओबी), लिफ्ट और एस्केलेटर भी लगाए जा रहे हैं।

अब तक 3,000 वर्गमीटर क्षेत्र में फसाड एवं स्टेशन भवन का कार्य पूरा किया जा चुका है, साथ ही आकर्षक लाइटिंग भी स्थापित की गई है। स्टेशन परिसर में 15,000 वर्गमीटर सड़क, 2,000 वर्गमीटर पार्किंग, 3,000 वर्गमीटर पाथ-वे, 600 मीटर ड्रेनेज और 1,250 मीटर बाउंड्री वॉल का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।

इसके अलावा प्लेटफॉर्म पर 5,500 वर्गमीटर में ग्रेनाइट लगाने का कार्य प्रगति पर है। यात्रियों को धूप और बारिश से बचाने के लिए आधुनिक शेल्टर, अलग-अलग श्रेणी के प्रतीक्षालय और महिला, पुरुष व दिव्यांगजन के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त प्रसाधन बनाए जा रहे हैं।

अधिकारियों के अनुसार, सभी कार्य पूरे होने के बाद मऊ जंक्शन न सिर्फ आकर्षक स्वरूप में नजर आएगा, बल्कि बढ़ते यात्री दबाव को भी आसानी से संभाल सकेगा। साथ ही, इससे मऊ शहर के आर्थिक विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

Leave a Comment

और पढ़ें