मिर्जापुर। यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 को नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कड़े इंतज़ाम किए हैं। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के निर्देश पर एसडीएम सदर गुलाब चन्द्र ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
एसडीएम सदर ने राजकीय इंटर कॉलेज मिर्जापुर (कंट्रोल रूम), राजकीय बालिका इंटर कॉलेज विंध्याचल, विंध्य विद्यापीठ इंटर कॉलेज विंध्याचल तथा बाबू हीरालाल इंटर कॉलेज गोसाई दासपुर सहित कई केंद्रों पर छापेमारी की। निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों के आसपास सन्नाटा दिखाई दिया और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद मिली।
एसडीएम सदर ने स्पष्ट चेतावनी दी कि नकल करते पकड़े जाने पर संबंधित छात्र के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और आवश्यक होने पर सीधे जेल भेजा जाएगा। उन्होंने केंद्राध्यक्षों को सतर्क रहने, सीसीटीवी निगरानी सुनिश्चित करने तथा परीक्षा को पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
साथ ही यह भी निर्देशित किया गया कि परीक्षा केंद्रों की 100 मीटर परिधि में अनावश्यक भीड़ या बाहरी व्यक्तियों की मौजूदगी नहीं होनी चाहिए। एसडीएम के औचक निरीक्षण से परीक्षा केंद्रों के आसपास सख्ती का माहौल बना रहा और व्यवस्थाएं दुरुस्त रहीं।








