Search
Close this search box.

UP Board Result 2026: अप्रैल के आखिरी हफ्ते में आएगा 10वीं-12वीं का रिजल्ट, मूल्यांकन पूरा

प्रयागराज। एशिया की सबसे बड़ी परीक्षा संस्था माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट 2026 परीक्षा में शामिल 50 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं का इंतजार अब जल्द खत्म होने वाला है। यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह के अनुसार, बोर्ड परीक्षा का परिणाम अप्रैल के आखिरी सप्ताह में घोषित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य पूरा होने के बाद वर्तमान में टेबुलेशन और रिजल्ट प्रोसेसिंग का काम तेजी से चल रहा है। मूल्यांकन के बाद रिजल्ट तैयार करने में लगभग 20 से 25 दिन का समय लगता है।

यूपी बोर्ड सचिव के मुताबिक, 10वीं और 12वीं की कॉपियों का मूल्यांकन 4 अप्रैल को पूरा कर लिया गया है। यह प्रक्रिया 18 मार्च से शुरू होकर 15 कार्य दिवसों में संपन्न हुई। इसके लिए प्रदेश भर में 254 मूल्यांकन केंद्र बनाए गए थे।

इस वर्ष करीब 50 लाख परीक्षार्थियों की लगभग पौने तीन करोड़ उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया। इसके लिए 1.53 लाख परीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई थी। पूरी प्रक्रिया सीसीटीवी निगरानी में कराई गई और मूल्यांकन केंद्रों पर मोबाइल फोन पूरी तरह प्रतिबंधित रहे। साथ ही सुरक्षा के मद्देनजर 24 घंटे सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती भी की गई थी।

गौरतलब है कि पहले मूल्यांकन कार्य 1 अप्रैल तक पूरा होना था, लेकिन ईद और रामनवमी की छुट्टियों के कारण इसे बढ़ाकर 4 अप्रैल तक किया गया। अब मूल्यांकन समाप्त होने के बाद रिजल्ट तैयार करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है।

Leave a Comment

और पढ़ें