सोनभद्र। अपने मातृ शैक्षणिक संस्थान संत कीनाराम सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, लोढ़ी राबर्ट्सगंज में सोमवार को यूपी पीसीएस परीक्षा में 22वीं रैंक हासिल करने वाले आनंद राज सिंह के सम्मान में भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। जैसे ही उनके गृह जनपद आगमन की सूचना मिली, विद्यालय और महाविद्यालय परिवार में उत्साह की लहर दौड़ गई। छात्र-छात्राओं ने अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन में पूरे विद्यालय परिसर को फूल-मालाओं, गुब्बारों, पोस्टरों और बैनरों से सजाकर उत्सव का माहौल बना दिया।

आनंद राज सिंह के माता-पिता के साथ विद्यालय पहुंचते ही गाजे-बाजे के साथ उनका जोरदार स्वागत किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गोपाल सिंह ने उन्हें अंगवस्त्र, माला, पुष्प और संत कीनाराम महाराज की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर भावुक हुए आनंद राज सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय संत कीनाराम महाराज के आशीर्वाद, अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया।

उन्होंने कहा कि इस संस्थान का अनुशासन, शिक्षा और संस्कार उनके जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। कम शुल्क में उच्च गुणवत्ता की शिक्षा उपलब्ध कराना इस विद्यालय की विशेषता है, जो अन्यत्र दुर्लभ है। उन्होंने बताया कि उनकी पूरी शिक्षा इसी संस्थान से हुई है और यहां का पारिवारिक वातावरण छात्रों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
छात्रों को प्रेरित करते हुए आनंद राज सिंह ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। नियमित रूप से 8 से 10 घंटे एकाग्र होकर पढ़ाई करने, त्याग और तपस्या से ही लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन और समर्पण के साथ अध्ययन करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. गोपाल सिंह ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य हमेशा से छात्रों का सर्वांगीण विकास रहा है, जो निरंतर सफल हो रहा है। इस मौके पर प्रधानाचार्य मनुश्री, निदेशक अंकित सिंह, शिक्षकगण, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।








