Search
Close this search box.

14–15 मार्च को यूपी पुलिस उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा, समय से पहले पहुंचे अभ्यर्थी; 30 मिनट पहले बंद होंगे केंद्र के गेट, बोर्ड ने जारी किए सख्त निर्देश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को लेकर महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। बोर्ड द्वारा जारी सार्वजनिक सूचना के अनुसार यह परीक्षा 14 और 15 मार्च 2026 को प्रदेश के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।

परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित होगी।बोर्ड ने अभ्यर्थियों को परीक्षा से संबंधित कई जरूरी निर्देशों का पालन करने के लिए कहा है। सूचना के अनुसार सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम दो घंटे पहले अपने प्रवेश पत्र, आधार कार्ड अथवा अन्य मान्य पहचान पत्र और काला या नीला बॉल प्वाइंट पेन लेकर परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होना होगा।

परीक्षा प्रारंभ होने से 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे और इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को अंदर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों ने आवेदन पत्र को आधार नंबर से पंजीकृत नहीं किया है या आवेदन प्रक्रिया के दौरान आधार नंबर में कोई त्रुटि रह गई है, उन्हें परीक्षा प्रारंभ होने से लगभग ढाई घंटे पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचकर सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करानी होगी।

ऐसे अभ्यर्थियों को अपने अपडेटेड और ऑनलाइन आधार कार्ड के साथ परीक्षा में उपस्थित होना होगा।सूचना में यह भी कहा गया है कि अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचें और प्रवेश पत्र पर अंकित सभी निर्देशों का ध्यानपूर्वक अध्ययन करें। परीक्षा में किसी अन्य व्यक्ति द्वारा अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देने का प्रयास रोकने के लिए तकनीकी व्यवस्था की गई है।

यदि कोई व्यक्ति ऐसा करने का प्रयास करता हुआ पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए बोर्ड ने कई वस्तुओं को परीक्षा केंद्र में पूरी तरह प्रतिबंधित किया है।

इनमें किसी प्रकार की लिखित या मुद्रित सामग्री, कागज के टुकड़े, ज्यामिति बॉक्स, कैलकुलेटर, क्रेडिट या डेबिट कार्ड, स्केल, कॉपी, पेन ड्राइव, इलेक्ट्रॉनिक पेन, स्कैनर, मोबाइल फोन, कैमरा, घड़ी, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, माइक्रोफोन, पेजर, हेल्थ बैंड, बटुआ, काला चश्मा, हैंडबैग, टोपी तथा किसी भी प्रकार का खुला या पैक किया हुआ खाद्य पदार्थ शामिल हैं। इसके अलावा सिगरेट, लाइटर, माचिस, गुटखा जैसी वस्तुएं भी पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेंगी।

बोर्ड ने चेतावनी दी है कि परीक्षा के दौरान यदि किसी अभ्यर्थी के पास प्रतिबंधित सामग्री पाई जाती है तो उसके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करें और जारी निर्देशों का पूरी तरह पालन करें।

Leave a Comment

और पढ़ें