बलिया। बैरिया थाना क्षेत्र के रानीगंज बाजार में किन्नर समाज की सदस्य रेखा किन्नर की कथित हत्या के बाद जिले में आक्रोश का माहौल है। जिला किन्नर समाज की प्रमुख एवं जिलाध्यक्ष मुन्नी चतुर्वेदी ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और कठोर सजा की मांग की है। उन्होंने शासन-प्रशासन से किन्नर समाज की सुरक्षा, आवास और समुचित सहायता सुनिश्चित करने की अपील की है।
किन्नर समाज की ओर से माधुरी पांडेय उर्फ पांडे बाबा ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी गुरु बहन रेखा किन्नर के हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं होती है तो समाज सड़क से सदन तक संघर्ष करेगा। उन्होंने कहा कि किन्नर समाज खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है और प्रशासन को इस मामले में तत्परता दिखानी चाहिए।
इस बीच, समाजवादी पार्टी के बैरिया के वरिष्ठ नेता अंगद मिश्रा ने घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए कहा कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाना चाहिए।
वहीं, पुलिस अधीक्षक ओमवीर ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया गया है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
संजय सिंह रिपोर्टर बलिया उत्तर प्रदेश









